
रायपुर/राजनांदगांव।
छत्तीसगढ़ सिंधी पंचायत ने रायगढ़ निवासी विजय राजपूत के खिलाफ पुलिस अधीक्षक रायपुर को लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पंचायत ने आरोप लगाया है कि विजय राजपूत ने शराब के नशे में एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने पूज्य गुरु बाबा घासीदास जी के प्रति अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया है।

छत्तीसगढ़ सिंधी पंचायत के प्रदेश अध्यक्ष महेश दरयानी और महासचिव बलराम आहुजा ने अपने हस्ताक्षरित पत्र में कहा है कि गुरु बाबा घासीदास जी सम्पूर्ण समाज के आराध्य हैं, उनके विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणी से समाज की भावनाएं गहराई से आहत हुई हैं। पंचायत ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने वाले व्यक्ति को तुरंत गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर विजय राजपूत द्वारा डाली गई इस रील को लेकर सतनामी समाज, छत्तीसगढ़ क्रांति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी में भारी आक्रोश व्याप्त है। विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी इसे गुरु घासीदास बाबा का अपमान बताते हुए कड़ी निंदा की है और जल्द कार्रवाई की मांग की है।



