
सक्ती/बाराद्वार, 07 मार्च 2026।
जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में बाराद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गांजा की तस्करी करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 9.225 किलोग्राम गांजा और एक कार जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध गांजा एवं शराब के कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) भुवनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में 07 मार्च को थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर मुखबिर की सूचना पर छापेमार कार्रवाई की गई।
रेड के दौरान पुलिस ने मारूति डिजायर कार (क्रमांक CG 13 AQ 2241) में गांजा लेकर बिक्री के लिए परिवहन कर रहे दो आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अमर सिंह गुप्ता (32 वर्ष) निवासी छोटे देवगांव, थाना खरसिया, जिला रायगढ़ तथा मनीराम उर्फ बंटी ध्रुव (20 वर्ष) निवासी नवापारा सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर शामिल हैं।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से नीले-काले रंग के बैग में रखे कुल 9.225 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख 55 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही परिवहन में उपयोग की जा रही मारूति डिजायर कार (कीमत लगभग 2 लाख 25 हजार रुपये) भी जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र यादव, उपनिरीक्षक मथुरा प्रसाद मन्नेवार, उपनिरीक्षक यशवंत राठौर, प्रधान आरक्षक प्रेमनारायण राठौर तथा आरक्षक श्याम हरवंश, शैलेन्द्र राठौर, प्रमोद सोनवंत और सतीश यादव का विशेष योगदान रहा।



