छत्तीसगढ़ताजातरीनराज्यशिक्षा

जांजगीर-चांपा – अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जागरूकता शिविर व सम्मान समारोह का आयोजन, नारी शक्ति को किया गया सम्मान

जांजगीर-चांपा, 08 मार्च 2026। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर-चांपा द्वारा एडीआर भवन में जागरूकता शिविर एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज में उनके योगदान को सम्मानित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला न्यायाधीश शक्ति सिंह राजपूत, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय सुश्री संघरत्ना भतपहरी, विशेष न्यायाधीश (एट्रोसिटी) कुमारी सुनीता साहू तथा द्वितीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश लीना अग्रवाल द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर प्रधान जिला न्यायाधीश शक्ति सिंह राजपूत ने उपस्थित लोगों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज में महिलाओं की सामाजिक प्रतिष्ठा सुनिश्चित करना पुरुषों की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति संघर्ष, धैर्य और समृद्धि की प्रतीक है तथा समाज के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। महिलाओं के संवैधानिक अधिकारों की जानकारी देते हुए उन्होंने वंचित एवं जरूरतमंद महिलाओं को विधिक सहायता उपलब्ध कराने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

द्वितीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश लीना अग्रवाल ने कहा कि स्त्री और पुरुष जीवन रूपी गाड़ी के दो पहिए हैं, जिनके बिना जीवन की गति संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं तथा अपने अधिकारों के प्रति भी जागरूक हो रही हैं। समाज का कर्तव्य है कि वह महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करे और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाए।

कार्यक्रम में सहायक ग्रेड-02 ईश्वरी अनंत ने कहा कि महिलाएं केवल परिवार ही नहीं संभालतीं, बल्कि समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। वहीं सहोदरा जांगड़े ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 8 मार्च को विश्वभर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है, जो महिलाओं की उपलब्धियों और नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक है।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला न्यायाधीशों, अधिकारियों एवं न्यायिक महिला कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिला जांजगीर-चांपा के समस्त न्यायाधीशगण, न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी, परिवार न्यायालय के अधिकारी-कर्मचारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी-कर्मचारी तथा पैरालीगल वालंटियर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव मनोज कुमार कुशवाहा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी अंजू कंवर द्वारा किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button