छत्तीसगढ़ताजातरीनराज्य

सक्ती- सरपंच हो तो ऐसी: कोटेतरा के छापर मोहल्ले में पानी की समस्या खत्म, 50–60 परिवारों को मिली बड़ी राहत

सक्ती-/जैजैपुर।
विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोटेतरा की सरपंच श्रीमती सुनीता रमेश साहू इन दिनों अपने जनहितैषी कार्यों को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने गांव के छापर मोहल्ले में वर्षों से चली आ रही पानी की गंभीर समस्या को दूर कर ग्रामीणों को बड़ी राहत दिलाई है। सरपंच के प्रयासों से अब मोहल्ले के करीब 50 से 60 परिवारों तक नियमित रूप से पानी पहुंच रहा है, जिससे लोगों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दे रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि पहले छापर मोहल्ले में पानी की भारी किल्लत थी। लोगों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ता था और पूरे दिन का काम महज 10–20 लीटर पानी में चलाना पड़ता था। कई बार गांव के प्रतिनिधि बदले गए, लेकिन किसी ने भी इस समस्या के समाधान के लिए ठोस प्रयास नहीं किया। खासकर महिलाओं को पानी के लिए रोजाना काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

लेकिन सरपंच बनने के बाद श्रीमती सुनीता रमेश साहू ने इस समस्या को गंभीरता से लिया और मोहल्ले में ट्यूबवेल व पाइपलाइन नेटवर्क के माध्यम से पानी पहुंचाने की पहल की। उनके प्रयासों से अब हर घर में पानी की टंकी लगाई गई है और ग्रामीणों को निशुल्क पानी का लाभ मिल रहा है।

ग्रामीणों के सहयोग से मिली सफलता
सरपंच सुनीता रमेश साहू ने बताया कि यह काम ग्रामीणों के सहयोग से संभव हो पाया। पाइपलाइन बिछाने और व्यवस्था को सुचारू बनाने में ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। अब छापर मोहल्ले में पानी की समस्या लगभग समाप्त हो चुकी है और सभी परिवार इसका लाभ उठा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यदि पंचायत और ग्रामीण मिलकर काम करें तो बड़ी से बड़ी समस्या का समाधान संभव है। आने वाले समय में भी गांव के जिन क्षेत्रों में पानी की समस्या है, वहां निरीक्षण कर पानी पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

जल संरक्षण का दिया संदेश
सरपंच श्रीमती सुनीता रमेश साहू ने कहा कि जल संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि पानी की बर्बादी न करें और इसे बचाने के लिए सभी मिलकर प्रयास करें।

ग्रामवासियों का कहना है कि सरपंच के इस प्रयास ने न केवल छापर मोहल्ले की वर्षों पुरानी समस्या को खत्म किया है, बल्कि गांव में सामूहिक सहयोग और विकास की एक नई मिसाल भी पेश की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button