
सक्ती/नया बाराद्वार।
पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रेशमा विजय सूर्यवंशी के कार्यकाल में नगर के विभिन्न वार्डों में नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। इन कैमरों का उद्देश्य नगर में अवैधानिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना तथा कानून व्यवस्था को सशक्त बनाना था।
हालांकि, नगर पंचायत बाराद्वार के चुनाव के समय कुछ लोगों द्वारा इसे आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए और मतदाताओं को प्रभावित करने की आशंका के आधार पर शिकायत की गई, जिसके चलते कैमरों को हटा दिया गया। बताया जाता है कि वार्ड में कुछ ऐसे लोग भी हैं जो असामाजिक तत्वों को अप्रत्यक्ष रूप से संरक्षण देते हैं और शायद यही कारण रहा कि उन्होंने शिकायत कर कैमरे हटवाए।
चुनाव बीत जाने के बाद भी कैमरे दोबारा नहीं लगाए गए, जिससे नगर के गली-मोहल्लों और चौक-चौराहों पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ने लगा है। कई वार्डों में नशे का अवैध कारोबार खुलेआम चल रहा है, जिससे नागरिकों में भय और आक्रोश का माहौल है।
इस स्थिति को देखते हुए बाराद्वार थाना प्रभारी निरीक्षक श्री लखनलाल पटेल के प्रयासों से जैजैपुर चौक पर पुनः सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है। वहीं वार्ड क्रमांक 3 और 4 में मंगल भवन के पास भी जल्द ही कैमरे पुनः लगाए जाएंगे।
वार्ड क्रमांक 4 के पार्षद अभिषेक राय ने जानकारी देते हुए बताया,
“वार्ड में पूर्व पार्षद श्री सुशील राय द्वारा पार्षद निधि से ये कैमरे लगाए गए थे। अब मेरी पार्षद निधि से भी वार्ड में और कैमरे लगाए जाएंगे ताकि निगरानी को और सशक्त किया जा सके। सुरक्षा के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं होगा।”
जनता की भी यही मांग है कि जल्द से जल्द पूरे नगर में सीसीटीवी नेटवर्क को फिर से दुरुस्त किया जाए, ताकि असामाजिक तत्वों पर लगाम लग सके और बाराद्वार फिर से एक सुरक्षित नगर के रूप में स्थापित हो सके।



