
रायगढ़। जिले के लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कुपाकानी में सरस्वती साइकिल वितरण योजना के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने छात्राओं को वितरित की जा रही साइकिलों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाते हुए योजना में कथित भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। घटनाक्रम ने देखते ही देखते राजनीतिक रंग ले लिया और मामला पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूल परिसर में छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया जा रहा था। इसी दौरान रवि भगत मौके पर पहुंचे और साइकिलों की गुणवत्ता को लेकर आपत्ति दर्ज कराई। आरोप है कि उन्होंने छात्राओं से साइकिलें वापस करने की अपील की, जिसके बाद स्कूल परिसर में विवाद और हंगामे की स्थिति बन गई।
रवि भगत का कहना है कि वितरित की जा रही साइकिलें निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरतीं। उन्होंने आरोप लगाया कि योजना के क्रियान्वयन में अनियमितताएं और भ्रष्टाचार हुआ है तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
वहीं, स्कूल प्रबंधन की शिकायत और सरकारी कार्य में कथित बाधा डालने के आरोप के बाद लैलूंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रवि भगत को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। जिला पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह द्वारा भी कार्रवाई की पुष्टि किए जाने की जानकारी सामने आई है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। दूसरी ओर, इस घटना के बाद सरस्वती साइकिल वितरण योजना की गुणवत्ता, पारदर्शिता और कथित भ्रष्टाचार को लेकर क्षेत्र में बहस तेज हो गई है। हालांकि, योजना में भ्रष्टाचार के आरोपों की पुष्टि अभी नहीं हुई है और मामले की सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।



