
बिलासपुर, 27 जुलाई। बिलासपुर जिले की कोटा पुलिस ने राहगीरों से मदद मांगने का बहाना बनाकर लूटपाट करने वाले छह शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार ग्राम जोगीपुर निवासी योगेश यादव (19 वर्ष) ने 24 जुलाई को थाना कोटा में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 23 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे वह अपने साथी अमित बिरको के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सूरजपुर पुल के पास बाइक सवार युवकों ने इमरजेंसी कॉल करने के नाम पर उन्हें रोक लिया। जैसे ही उन्होंने मदद के लिए बाइक रोकी, आरोपियों ने उनका मोबाइल झपट लिया और उनकी मोटरसाइकिल को लात मारकर गिरा दिया। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एसडीओपी नुपूर उपाध्याय के निर्देशन में गठित टीम ने मुखबिरों और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की। पूछताछ के दौरान राकेश उर्फ टार्जन पोर्ते, दिव्यांशु उर्फ कोल, तुषार साहू, अभय यादव, सुरेश पोर्ते और राहुल उर्फ भोला पोर्ते को हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी गुमराह करते रहे, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर सभी ने वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सुनसान स्थानों पर अज्ञात लोगों के कहने पर सावधानी बरतें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति मदद मांगने के बहाने रोकने का प्रयास करे तो सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।



