अपराधछत्तीसगढ़ताजातरीनराज्य

जांजगीर-चांपा में शराब में जहर मिलाकर हत्या: एक साल बाद FSL रिपोर्ट से खुला राज, दोस्त ने ही पिलाया कीटनाशक

जांजगीर-चांपा/जिले की नैला पुलिस चौकी ने करीब एक साल पुराने अंधे कत्ल की गुत्थी को वैज्ञानिक साक्ष्य के दम पर सुलझा दिया है। दोस्त के भेष में दुश्मन बने आरोपी ने शराब में कीटनाशक जहर मिलाकर 55 साल के व्यक्ति की हत्या कर दी थी। पुलिस ने FSL बिलासपुर की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

SP विजय कुमार पांडेय के निर्देशन में लंबित गंभीर अपराधों की समीक्षा के दौरान इस मर्ग केस को दोबारा खोला गया था।

क्या था पूरा मामला?
22 मई 2025 की शाम 7 बजे, हाथीटिकरा निवासी रामायण सूर्यवंशी (55 वर्ष) अपनी पत्नी और बेटी के साथ अपनी किराना दुकान में था। उसी समय वार्ड-06, बजरंग चौक निवासी सुरेन्द्र साहू उर्फ मोनू वहां पहुंचा।

पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले से हत्या की साजिश रचकर अंग्रेजी शराब लेकर आया था। बहाने से रामायण को अपने तीन पहिया स्कूटर में बैठाकर पास के ईंट-भट्ठे के पास ले गया। वहां शराब के गिलास में कीटनाशक जहर मिलाकर पिला दिया।

कुछ देर बाद तबीयत बिगड़ी तो पत्नी-बेटी मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी फरार हो गया। मौके से शराब की बोतल और डिस्पोजल गिलास बरामद हुए। परिजन 108 से जिला अस्पताल जांजगीर ले गए, जहां उसी रात इलाज के दौरान रामायण की मौत हो गई।

FSL रिपोर्ट बनी गेम-चेंजर
पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा, पोस्टमार्टम कराया और विसरा सुरक्षित कर FSL बिलासपुर भेजा।

एक साल बाद आई FSL रिपोर्ट में कीटनाशक जहर (Organophosphorus Poison) की पुष्टि हुई। यही वैज्ञानिक साक्ष्य पुलिस के लिए ब्रेकथ्रू बना।

रिपोर्ट के बाद पुलिस ने धारा 103(1) BNS (हत्या) और 3(2)(5) SC/ST Act के तहत अपराध दर्ज किया।

स्कूटर भी जब्त, आरोपी कबूला
गवाहों के बयान और मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने आरोपी के घर से उसे पकड़ा। घटना में इस्तेमाल तीन पहिया स्कूटर भी जब्त कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने वारदात कबूल कर ली।

पुलिस टीम:
पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी नैला निरीक्षक धर्मेंद्र वैष्णव और स्टाफ की अहम भूमिका रही।

पुलिस की नसीहत: अनजान व्यक्ति के साथ सुनसान जगह पर शराब पीने से बचें, शक होने पर तुरंत डायल 112 करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button