अपराधछत्तीसगढ़ताजातरीनराज्य

सक्ती – 7 महीने बाद भी लापता महिला का सुराग नहीं, जैजैपुर पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल – ग्रामीणों में आक्रोश

सक्ती//जैजैपुर। विधानसभा जैजैपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत कोटेतरा की निवासी श्रीमती छाया साहू पिछले 7 महीने से लापता हैं, लेकिन पुलिस आज तक उनका कोई सुराग नहीं लगा पाई है। परिजनों ने 5 जुलाई 2024 को जैजैपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन इतने लंबे समय के बाद भी पुलिस तलाशने में नाकाम रही है। इस मामले में पुलिस की लचर कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश है।

रात के समय हुई थी गुमशुदगी
जानकारी के अनुसार, छाया साहू जुलाई 2024 में रात करीब 1 से 3 बजे के बीच रहस्यमय तरीके से लापता हो गई थीं। परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के बावजूद पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। परिजन और ग्रामीण पुलिस की निष्क्रियता से नाराज हैं।

पुलिस की निष्क्रियता से ग्रामीणों में आक्रोश
ग्रामीणों का आरोप है कि जैजैपुर पुलिस अवैध वसूली और छोटे-मोटे मामलों में तो सक्रिय रहती है, लेकिन जब किसी नागरिक की जान-माल का सवाल होता है, तो सुस्त रवैया अपनाती है। ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि यदि 1 सप्ताह के भीतर लापता महिला का पता नहीं चला तो वे जैजैपुर थाना गेट के सामने धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।

गांव में बढ़ रही आपराधिक घटनाएं
ग्रामीणों ने बताया कि कोटेतरा सहित आसपास के गांवों में चोरी, लापता और अन्य आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से अपनी कार्यशैली में सुधार लाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बड़े आंदोलन के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।

परिजनों की गुहार – न्याय मिले
लापता महिला के परिजनों का कहना है कि उन्हें पुलिस से कोई मदद नहीं मिली है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द छाया साहू को तलाशने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button