
सक्ती, छत्तीसगढ़ – जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कड़ी कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीते 24 घंटे में सक्ती पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। लंबे समय से फरार स्थायी वारंटियों और गिरफ्तार वारंटियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 37 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
वारंटियों पर कसा शिकंजा
पुलिस की विशेष टीमों ने बीते 24 घंटे में जिले भर से 11 स्थायी वारंटी और 26 गिरफ्तारी वारंटी को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध न्यायिक कार्यवाही की। वर्षों से फरार इन अपराधियों की धरपकड़ पुलिस प्रशासन की सख्त नीति और सुनियोजित रणनीति का परिणाम है।
शराब कोचियों के खिलाफ मोर्चा
अवैध शराब के कारोबार को जड़ से खत्म करने की दिशा में भी सक्ती पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 106 लीटर अवैध शराब जब्त करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।



- जैजैपुर थाना: 21 लीटर शराब बरामद, 2 आरोपी – धनसाय आदित्य व नरेंद्र भारद्वाज गिरफ्तार।
- मालखरौदा थाना: 40 लीटर शराब, 2 आरोपी – कीर्तन बंजारे व जयप्रकाश अंचल गिरफ्तार।
- बाराद्वार थाना: 17 लीटर शराब, 1 आरोपी – घासीराम उरांव गिरफ्तार।
- हसौद थाना: 22 लीटर शराब, 2 आरोपी – रामचरण भारद्वाज व रूपेंद्र खूंटे गिरफ्तार।
- कोतवाली सक्ती: 6.30 लीटर शराब, 1 आरोपी – टांकेश्वर राठौर गिरफ्तार।
पुलिस की रणनीति और नेतृत्व
इस अभियान की कमान पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के नेतृत्व में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हरीश यादव, डीएसपी श्रीमती अंजलि गुप्ता और एसडीओपी श्री मनीष कुंवर की मार्गदर्शना में संभाली गई। जिला सक्ती के सभी थाना प्रभारियों व स्टाफ ने विशेष टीम बनाकर तालमेल के साथ यह कार्रवाई अंजाम दी।
पुलिस अधीक्षक का सख्त संदेश
एसपी अंकिता शर्मा ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। फरार वारंटियों की गिरफ्तारी और अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह खत्म करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
जिला सक्ती पुलिस का यह अभियान न केवल अपराध पर लगाम लगाने का प्रयास है, बल्कि आम जनता में सुरक्षा और भरोसा कायम रखने की दिशा में एक बड़ा कदम है।



