
रायगढ़, 13 जून 2025 | रायगढ़ के अंबेडकर चौक पर भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा से की गई शर्मनाक हरकत पर रायगढ़ पुलिस ने बेमिसाल कार्य करते हुए घटना के महज कुछ दिनों में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के कड़े निर्देशन और एडिशनल एसपी आकाश मरकाम के मार्गदर्शन में बनाई गई स्पेशल टीम ने पूरे मामले को बेहद पेशेवर तरीके से सुलझाया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संभाली कमान
9 जून की सुबह जब स्थानीय नागरिकों ने प्रतिमा पर मिट्टी लगे होने की सूचना पुलिस को दी, तो पूरे शहर में आक्रोश की लहर दौड़ गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी ने तत्काल सीएसपी आकाश शुक्ला और डीएसपी साइबर सेल अनिल विश्वकर्मा के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम गठित की। इस टीम में चक्रधरनगर, जूटमिल, पूंजीपथरा, पुसौर, छाल थानों के प्रभारी एवं साइबर सेल को विशेष जिम्मेदारियां दी गईं।
तकनीकी जांच और ह्यूमन इंटेलिजेंस से मिला सुराग
टीम ने घटनास्थल के आसपास और विभिन्न मार्गों के CCTV फुटेज खंगाले, साथ ही टावर डंप डेटा के 5 लाख नंबरों का एनालिसिस किया। संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए ह्यूमन हिंट का उपयोग किया गया, जिसके जरिए दो युवकों की पहचान हुई –
- रमेश जोशी (40 वर्ष) – बजरंग पारा, थाना जूटमिल
- वीरेंद्र सारथी (28 वर्ष) – जोगीडीपा, रायगढ़
दोनों मजदूरी (हमाली) का काम करते थे और अक्सर साथ देखे जाते थे। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि 8 जून की रात शराब के नशे में शहर में घूमते-घूमते वे अंबेडकर चौक पहुंचे और बदनीयती से प्रतिमा पर मिट्टी लगा दी।
तकनीकी साक्ष्य और आरोपियों का कबूलनामा
सीसीटीवी फुटेज, आरोपियों के पहने कपड़े, तथा घटनास्थल पर मौजूद अन्य सबूतों के मिलान के बाद आरोपियों का अपराध सिद्ध हुआ। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना चक्रधरनगर में धारा 298, 324(3), 353(2), BNS की धारा 299, 302, 196(1)(क)(ख), 196(2), 324(3), लोक संपत्ति निवारण अधिनियम की धारा 9 व 3(1) के तहत अपराध दर्ज कर माननीय न्यायालय में रिमांड पर प्रस्तुत किया है।
पुलिस टीम की उत्कृष्ट कार्यप्रणाली
इस केस को सुलझाने में सीएसपी आकाश शुक्ला, डीएसपी अनिल विश्वकर्मा, थाना प्रभारी अमित शुक्ला (चक्रधरनगर), प्रशांत राव (जूटमिल), मोहन भारद्वाज (छाल), राकेश मिश्रा (पूंजीपथरा), रामकिंकर यादव (पुसौर), और साइबर प्रभारी नासिर खान सहित संबंधित थानों के जवानों की उल्लेखनीय भूमिका रही।
पुलिस की अपील
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल ने आमजन से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए आश्वस्त किया कि ऐसी समाजविरोधी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी।
यह कार्रवाई न सिर्फ एक कानून व्यवस्था की जीत है, बल्कि संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के सम्मान की रक्षा का संदेश भी है। रायगढ़ पुलिस की सजगता और तकनीकी दक्षता ने एक बार फिर सिद्ध किया कि अपराध चाहे जितना भी सूक्ष्म क्यों न हो, कानून से बच पाना असंभव है।



