
सक्ति//जैजैपुर। ग्राम पंचायत कोटेतरा में जल जीवन मिशन के तहत चल रही नल-जल योजना की सुस्त रफ्तार अब बड़ा मुद्दा बन गई है। सुनीता रमेश साहू (सरपंच) द्वारा कलेक्टर को लिखे गए पत्र ने इस गंभीर समस्या को प्रशासन के सामने मजबूती से रखा है।
सरपंच सुनीता रमेश साहू ने अपने पत्र में साफ तौर पर बताया है कि यह योजना पिछले चार वर्षों से अधूरी पड़ी है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने न सिर्फ समस्या को उठाया बल्कि ग्रामीणों की आवाज बनकर लगातार संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को काम पूरा करने के लिए प्रयासरत हैं।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की हालत खराब हो चुकी है, लेकिन अब तक पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई है। गर्मी के इस मौसम में गांव के लोगों को पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
सबसे अहम बात यह है कि सरपंच द्वारा लगातार फॉलो-अप, अधिकारियों को अवगत कराना और गुणवत्ता पर सवाल उठाना, यह दर्शाता है कि वे इस मुद्दे को लेकर गंभीर हैं और गांव के हित में सक्रिय रूप से काम कर रही हैं। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और शीघ्र पूर्ण कराने के लिए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समय पर शुद्ध पेयजल चाहिए। वहीं, सुनीता रमेश साहू के इन प्रयासों से ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही इस समस्या का समाधान होगा।
अब देखना होगा कि प्रशासन सरपंच के इस सक्रिय पहल पर कितनी जल्दी कार्रवाई करता है और कोटेतरा के लोगों को कब राहत मिलती है।



