
सक्ती। जिला अधिवक्ता संघ सक्ती के पदाधिकारियों के लिए 26 मई को संपन्न हुए चुनाव में अधिवक्ता श्यामलाल साहू ने शानदार जीत दर्ज करते हुए जिलाध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी दिगम्बर चौबे को 10 मतों से पराजित कर अधिवक्ता संघ की कमान अपने हाथों में ली।
जिलाध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में श्यामलाल साहू को 101 मत प्राप्त हुए, जबकि दिगम्बर चौबे को 91 मत मिले। अन्य प्रत्याशियों में सत्यवान खर्रा को 8 मत तथा चितरंजय पटेल को 6 मत प्राप्त हुए।
उपाध्यक्ष पद पर अश्विनी राठौर की जीत
उपाध्यक्ष पद के चुनाव में अश्विनी राठौर ने 94 मत हासिल कर विजय प्राप्त की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी विजय कुमार मौर्य को 65 मत तथा प्यारे लाल पटेल को 45 मत प्राप्त हुए।
सचिव पद पर नरेंद्र प्रसाद पटेल निर्वाचित
सचिव पद के चुनाव में नरेंद्र प्रसाद पटेल ने 80 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी सत्येन्द्र सोनी को 68 मत मिले। वहीं सुरती चंद्रा को 48 तथा दिनेश राठौर को 10 मत प्राप्त हुए।
सह सचिव पद पर रोमांचक मुकाबला
सह सचिव पद का चुनाव बेहद दिलचस्प रहा, जिसमें फलीत लहरे ने 80 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी चंद्र कुमार भारद्वाज को 78 मत मिले, जबकि साखी गोपाल दुबे को 46 मत प्राप्त हुए।
सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव बने अरविंद भारद्वाज
सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव पद के लिए हुए चुनाव में अरविंद भारद्वाज ने 132 मत प्राप्त कर शानदार जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी खगेश्वर प्रसाद चौबे को 70 मत मिले।
कार्यकारिणी सदस्य पद पर तीन उम्मीदवार विजयी
कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए हुए चुनाव में राहुल स्वर्णकार को 141 मत, संतोष कुमार यादव को 140 मत तथा वीरेंद्र कुमार को 123 मत प्राप्त हुए। ये तीनों उम्मीदवार निर्वाचित घोषित किए गए। वहीं अलीम खान को 88 मत प्राप्त हुए।
निर्विरोध चुने गए पदाधिकारी
इससे पूर्व कुछ पदों पर उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन हो चुका था। इनमें—
- उपाध्यक्ष (महिला) – सुश्री अन्नपूर्णा राठौर
- कोषाध्यक्ष – अंजना कंवर
- ग्रंथपाल – दिनेश जायसवाल
- कार्यकारिणी सदस्य – शिल्पा गर्ग
शामिल हैं।
शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई चुनाव प्रक्रिया
छत्तीसगढ़ राज्य विधिक परिषद के मार्गदर्शन में संपन्न हुए इस चुनाव को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में चुनाव अधिकारी गनी मोहम्मद तथा सह चुनाव अधिकारी मनोज अग्रवाल और अर्जुन राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अधिवक्ता संघ के चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद अधिवक्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को साथी अधिवक्ताओं ने बधाई देते हुए संघ के हित में बेहतर कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।



