छत्तीसगढ़ताजातरीनराज्य

रायपुर में एनएचएम कर्मियों का महासागर: 13 जून को इंडोर स्टेडियम में जुटेंगे 18 हजार से अधिक कर्मचारी, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे मुख्य अतिथि

रायगढ़/रायपुर। छत्तीसगढ़ के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारियों का अब तक का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक महासम्मेलन 13 जून को रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित होने जा रहा है। इस भव्य आयोजन में प्रदेशभर से 18 हजार से अधिक एनएचएम अधिकारी-कर्मचारी अपने परिवारों के साथ शामिल होंगे। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय उपस्थित रहेंगे।

महासम्मेलन को लेकर प्रदेश के स्वास्थ्यकर्मियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन को छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ द्वारा प्रदेश स्तरीय एकता, सम्मान और स्वास्थ्य सेवाओं में कर्मचारियों के योगदान को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

कई दिग्गज नेताओं की रहेगी मौजूदगी

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल तथा वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी समेत कई कैबिनेट मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

स्वास्थ्य सेवाओं के असली नायकों का होगा सम्मान

संघ के पदाधिकारियों के अनुसार महासम्मेलन में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के उप-स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और मंत्रालय स्तर पर कार्यरत एनएचएम कर्मचारी भाग लेंगे। यह आयोजन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका और समर्पण को रेखांकित करेगा।

मुख्यमंत्री के आमंत्रण स्वीकार करने से बढ़ा उत्साह

हाल ही में संघ के प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर उन्हें महासम्मेलन का आमंत्रण सौंपा था। मुख्यमंत्री द्वारा आमंत्रण स्वीकार किए जाने के बाद कर्मचारियों में उत्साह कई गुना बढ़ गया है और प्रदेशभर में सम्मेलन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

रायगढ़ से पहुंचेगा बड़ा प्रतिनिधिमंडल

संघ की जिलाध्यक्ष शकुंतला एक्का ने बताया कि रायगढ़ जिले से 700 से अधिक कर्मचारी अपने परिवारों के साथ महासम्मेलन में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक सम्मेलन नहीं बल्कि एनएचएम परिवार का महापर्व है, जहां कर्मचारियों की एकता, समर्पण और संगठनात्मक शक्ति का भव्य प्रदर्शन होगा।

अंतिम चरण में तैयारियां

प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। प्रदेश के सभी जिलों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया है और कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

13 जून को रायपुर का बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम एनएचएम कर्मचारियों की एकता, संघर्ष, समर्पण और संकल्प का ऐतिहासिक गवाह बनने जा रहा है। प्रदेशभर से उमड़ने वाला जनसैलाब इस महासम्मेलन को छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य कर्मियों के सबसे बड़े आयोजनों में शामिल कर देगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button