
सक्ती। घरेलू विवाद में समझाइश देने पहुंचे रिश्तेदारों पर जानलेवा फायरिंग करने वाले दो आरोपियों को सक्ती पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से एक देशी रिवॉल्वर, एक देशी कट्टा तथा घटनास्थल से फायरिंग में इस्तेमाल किए गए कारतूस का खाली खोखा भी बरामद किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सक्ती में अपराध क्रमांक 251/2026 के तहत धारा 109(1), 296, 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पत्नी से मारपीट की शिकायत पर पहुंचे थे रिश्तेदार
प्रार्थी अजय सिंह गोंड़ (36 वर्ष) निवासी बालपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 4 जून को वह अपने चाचा ससुर महंगु गोंड़ के बुलावे पर ग्राम कर्रापाली गया था। वहां उसकी रिश्तेदार तीजबाई को उसके पति द्वारा लगातार मारपीट और प्रताड़ित किए जाने की जानकारी मिलने पर परिवार के अन्य सदस्य भी समझाइश देने पहुंचे थे।
बताया गया कि बातचीत के दौरान आरोपी दिलेश्वर सिदार नाराज होकर वहां से चला गया। बाद में शाम करीब 5:30 बजे जब अजय गोंड़, बुंदीबाई, महंगु गोंड़ और रमेश गोंड़ वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी कर्रापाली के बाहर तालाब के पास दिलेश्वर सिदार और उसका साथी सोमदेव सिदार रास्ते में मिल गए।
जान से मारने की नीयत से चलाई गोली
रिपोर्ट के मुताबिक दोनों आरोपियों ने अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान दिलेश्वर सिदार ने अपने पास रखे रिवॉल्वर से प्रार्थी और उसके साथियों पर फायरिंग कर दी। गोली सड़क पर लगी, जबकि सभी लोग झुककर और पीछे हटकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
घटना के समय सोमदेव सिदार भी हथियार लेकर मौजूद था और धमकी दे रहा था कि किसी को नहीं छोड़ा जाएगा।

पुलिस ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफ्फुल कुमार ठाकुर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दिलेश्वर सिदार (30 वर्ष) निवासी कर्रापाली तथा उसके साथी सोमदेव सिदार को गिरफ्तार कर लिया।
हथियार और खाली कारतूस बरामद
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने दिलेश्वर सिदार के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक देशी रिवॉल्वर तथा सोमदेव सिदार के कब्जे से एक देशी कट्टा जब्त किया। साथ ही घटनास्थल से फायरिंग में इस्तेमाल किए गए रिवॉल्वर राउंड का खाली खोखा भी बरामद किया गया।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
पुलिस जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर उप जेल सक्ती भेज दिया गया।
पुलिस का संदेश
सक्ती पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और अवैध हथियारों के बल पर लोगों में भय पैदा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। त्वरित कार्रवाई से पुलिस ने एक गंभीर आपराधिक घटना का खुलासा करते हुए आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।



