
रायपुर/आरंग। आरंग में सतनामी समाज के पूर्व सरपंच के साथ मारपीट और अभद्रता के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी गोल्डी शर्मा और अभिजीत शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे थे, जिन्हें बुधवार को रायपुर एयरपोर्ट से दबोच लिया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, 14-15 मई की दरमियानी रात ग्राम गुदगुदा के पूर्व सरपंच बाल कुमार कुर्रे पर मवेशी तस्करी का आरोप लगाते हुए कुछ कथित गौ सेवकों ने न केवल गाली-गलौज की, बल्कि उनके साथ मारपीट भी की। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मामला तूल पकड़ गया और सतनामी समाज में भारी आक्रोश फैल गया।
16 मई को बड़ी संख्या में समाज के लोग आरंग पुलिस थाने पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। हालात की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक कुमार झा, उप पुलिस अधीक्षक लंबोदर पटेल सहित भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया था।
समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। जनाक्रोश और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरंग पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों पर अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम सहित भारतीय न्याय संहिता की कई गंभीर धाराओं के तहत मामला कायम किया।
उप पुलिस अधीक्षक लंबोदर पटेल ने बताया कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। साइबर सेल और एसीसीयू की मदद से तकनीकी जानकारी जुटाई जा रही थी। इसी दौरान रायपुर एयरपोर्ट पर निगरानी के दौरान दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद वैधानिक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। थाना परिसर और सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोनों आरोपियों को विशेष न्यायालय में पेश करने की तैयारी की गई है।
इधर, आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस प्रशासन ने सतनामी समाज और क्षेत्रवासियों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, जबकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।



