
सक्ती, 05 मार्च 2025 – सक्ती जिले की राजनीति में आज एक ऐतिहासिक क्षण दर्ज हो गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रत्याशी द्रौपदी कीर्तन चन्द्रा निर्विरोध अध्यक्ष चुनी गई हैं। वहीं, भाजपा के ही कमल पटेल ने उपाध्यक्ष पद पर कब्जा जमाकर पार्टी की ताकत को और मजबूती दी है।
नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष द्रौपदी कीर्तन चन्द्र ने जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 08 तुषार (जैजैपुर) से जीत दर्ज की थी, जबकि उपाध्यक्ष बने कमल पटेल ने क्षेत्र क्रमांक 14 सकराली (चंद्रपुर) से जीत हासिल की थी।
भाजपा का दबदबा, कांग्रेस को तगड़ा झटका!
भाजपा ने इस चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 09 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि 02 निर्दलीय सदस्यों ने भी भाजपा को समर्थन दिया। इसके मुकाबले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा, क्योंकि उसे सिर्फ 02 सीटों पर संतोष करना पड़ा।
इस जीत के साथ, द्रौपदी कीर्तन चन्द्रा सक्ती जिले की पहली जिला पंचायत अध्यक्ष बनने वाली नेता बन गई हैं। यह भाजपा के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, जिसने जिले में अपना दबदबा और मजबूत कर लिया है।



