
सक्ती: होली पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस प्रशासन द्वारा कड़े कदम उठाए गए हैं। पुलिस अधीक्षक सक्ती, श्रीमती अंकिता शर्मा की अगुवाई में जिले के सभी गुण्डा बदमाशों, निगरानी बदमाशों और जरायमपेशा तत्वों को 12 मार्च 2025 को जिला मुख्यालय में एकत्रित किया गया। इस बैठक में उन्हें शांति और सौहार्दपूर्ण आचरण की हिदायत दी गई और असामाजिक गतिविधियों से बचने के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए।
जिले में 56 निगरानी बदमाश और 92 गुण्डा बदमाश सक्रिय हैं, जिनकी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा, छानबीन करके और नए बदमाशों को भी इस सूची में शामिल करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस प्रशासन द्वारा जिले के 09 जिलाबदर व्यक्तियों की निगरानी भी की जा रही है, जिनमें से 02 के खिलाफ विशेष कार्रवाई की गई है।
होली के इस पर्व पर पुलिस ने सभी से शांतिपूर्वक आचरण की अपील की और किसी भी उपद्रव की सूचना तुरंत पुलिस को देने की चेतावनी दी है। पुलिस प्रशासन ने यह स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी बदमाश या असामाजिक तत्व ने किसी अपराध में लिप्त होने का प्रयास किया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, और इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस पर्व को हम सभी मिलकर शांति और सद्भावना से मनाएं, ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों को रोका जा सके।
जिलेवासियों से अपील: इस होली पर शांति बनाए रखें, पुलिस की सहायता से उपद्रवियों पर काबू पाया जा सकेगा।



