अपराधछत्तीसगढ़ताजातरीनराज्य

सक्ती- जुए की लत ने बनाया चोर! दो चर्चित चोरी कांडों का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, चोरी की बाइक भी बरामद

सक्ती, 31 मई 2026। सक्ती पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी के मामलों का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान और एक चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश हो गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना सक्ती में दर्ज अपराध क्रमांक 343/2025 एवं 88/2026 में अज्ञात आरोपी द्वारा चोरी की घटनाएं अंजाम दी गई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफ्फुल कुमार ठाकुर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी।

मुखबिर की सूचना पर दबोचा गया आरोपी

31 मई को थाना स्टाफ द्वारा अपराधियों की धरपकड़ अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि करोरपारा क्षेत्र में एक व्यक्ति चोरी का सामान बेचने की फिराक में मोटरसाइकिल सहित खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भागीरथी साहू (27 वर्ष) निवासी डूमरपाली, थाना भूपदेवपुर, जिला रायगढ़ बताया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने सक्ती क्षेत्र में हुई दो बड़ी चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

आंगनबाड़ी और सूने मकान को बनाया था निशाना

आरोपी ने खुलासा किया कि सितंबर 2025 में ग्राम हरेठी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र की खिड़की से अंदर घुसकर टीवी, टेबल फैन, एग्जॉस्ट फैन, ट्यूब लाइट एवं खाद्य सामग्री सहित लगभग 20 हजार रुपये का सामान चोरी किया था।

इसके बाद जनवरी 2026 में सक्ती के बुधवारी बाजार क्षेत्र स्थित एक सूने मकान का ताला तोड़कर घर में रखे चांदी के सिक्के, कांसे के बर्तन एवं नगदी सहित करीब 15 हजार रुपये की चोरी की थी।

जुए की लत बनी अपराध की वजह

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे जुआ खेलने की लत है। पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए वह चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि कुछ दिन पहले उसने बेलपहाड़ (ओडिशा) से एक लाल रंग की बिना नंबर प्लेट वाली हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी की थी और चोरी का सामान बेचने के लिए सक्ती आया था।

यह सामान हुआ बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से—

  • 03 नग कांसे के गिलास
  • 02 नग कांसे के कटोरे
  • 01 लाल रंग की हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल

बरामद कर विधिवत जप्त किया है।

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल

गिरफ्तार आरोपी भागीरथी साहू को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर उप जेल सक्ती भेज दिया गया।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक लखन लाल पटेल के नेतृत्व में संपन्न हुई। मामले के खुलासे में प्रधान आरक्षक मिथुन सुल्तान, हेमंत राठौर तथा आरक्षक दीपक बंजारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सक्ती पुलिस की इस कार्रवाई को चोरी के मामलों में बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित वारदातों के संबंध में भी जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button