
बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में लूट, चेन स्नेचिंग और झपटमारी की लगातार बढ़ती घटनाओं ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले 24 घंटे के भीतर शहर में लूट की दूसरी सनसनीखेज वारदात सामने आने के बाद यह आशंका और गहरा गई है कि बिलासपुर शहर और जिले में कोई संगठित अपराधिक गिरोह सक्रिय है, जो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लगातार वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे रहा है।
सुबह की शांति में वारदात, फूल तोड़ रही महिला से लूटी चेन
ताजा मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के कनक विहार का है। यहां रहने वाली शोभा साहू रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे घर के बाहर फूल तोड़ने निकली थीं। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश युवक वहां पहुंचे और महिला कुछ समझ पातीं, उससे पहले ही उनके साथ मारपीट कर गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए।
महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग बाहर निकले और बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी कुछ ही पलों में आंखों से ओझल हो गए। बाद में पीड़िता ने सिरगिट्टी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
तोरवा और सिरगिट्टी की वारदात में दिखी एक जैसी ‘स्क्रिप्ट’
एक दिन पहले तोरवा क्षेत्र में भी इसी तरह की वारदात हुई थी, जहां घर के सामने झाड़ू लगा रही एक लोको पायलट की पत्नी से स्कूटी सवार तीन युवकों ने सोने की चेन लूट ली थी। दोनों घटनाओं में सुबह का समय, तीन आरोपियों की मौजूदगी और घर के बाहर महिलाओं को निशाना बनाने का तरीका लगभग एक जैसा है।
कोटा रोड पर पत्रकार से मोबाइल लूट की घटना से भी जुड़ रहे तार
इसी कड़ी में कुछ दिन पहले कोटा रोड पर एक पत्रकार से अज्ञात बाइक सवार बदमाशों द्वारा मोबाइल लूट की घटना भी सामने आई थी। आरोपी वारदात को अंजाम देकर चंद सेकेंड में फरार हो गए थे। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या शहर में कोई संगठित लुटेरा गिरोह सक्रिय है, जो सुनियोजित तरीके से लोगों की रेकी कर वारदातों को अंजाम दे रहा है।
लगातार सामने आ रहे मामले, संगठित गिरोह की आशंका
बीते कुछ समय में शहर और जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चेन स्नेचिंग, मोबाइल झपटमारी और लूट की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। अपराध का पैटर्न और बाइक सवार बदमाशों की सक्रियता इस बात की ओर इशारा कर रही है कि बिलासपुर में संगठित अपराधिक गिरोह सक्रिय हो सकते हैं, जो पुलिस की पकड़ से दूर रहकर एक के बाद एक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इन घटनाओं से आम लोगों, विशेषकर महिलाओं और सुबह टहलने निकलने वाले नागरिकों में भय का माहौल है।
सीसीटीवी के भरोसे पुलिस, जल्द गिरफ्तारी का दावा
घटनाओं के बाद पुलिस सिरगिट्टी, तोरवा और कोटा रोड समेत विभिन्न इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। संदिग्धों के रूट और हुलिए के आधार पर आरोपियों की पहचान की कोशिश तेज कर दी गई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें जांच में जुटी हुई हैं और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
लगातार हो रही इन वारदातों ने एक बार फिर पुलिस की गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। अब शहरवासियों की नजर इस बात पर टिकी है कि खाकी इन बेखौफ और संगठित लुटेरों के गिरेबान तक आखिर कब पहुंच पाती है।
क्राइम डेस्क, बिलासपुर।



