
जैजैपुर/सक्ति। जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना हसौद पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक चैन माउंटेन (जेसीबी) मशीन और तीन हाईवा वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई महानदी के मिरौनी बैराज के नीचे की गई, जहां बिना वैध दस्तावेज और रॉयल्टी के रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार 29 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक सक्ती के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा एसडीओपी चंद्रपुर के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर खनिज विभाग के साथ संयुक्त दबिश दी गई। मौके पर एक जेसीबी मशीन और तीन रेत से भरे हाईवा (सीजी 11 बीव्ही 8492, सीजी 12 बीव्ही 0906 एवं सीजी 11 बीयू 0733) खड़े मिले। पुलिस टीम को देखते ही सभी चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए।

जांच में सामने आया कि जेसीबी मशीन की मदद से महानदी से अवैध रूप से रेत निकालकर हाईवा में लोड की जा रही थी। बिना वैध अभिवहन पास के खनन और परिवहन किए जाने से शासन को राजस्व की हानि पहुंच रही थी। पुलिस ने मौके से सभी वाहनों को जब्त कर लिया।
प्रारंभिक जांच और ग्रामीणों से पूछताछ के आधार पर सरकंडा (बिलासपुर) निवासी धीरज साहू का नाम सामने आया है, जिस पर अवैध रेत उत्खनन और परिवहन कराने का आरोप है। मामले में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015, खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
इस संयुक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी हसौद निरीक्षक विन्टन साहू, जिला सक्ती के खनिज निरीक्षक तथा पुलिस एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
संदेश साफ: जिले में अवैध रेत कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। लगातार हो रही कार्रवाई से साफ संकेत है कि खनिज माफियाओं के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



