
बिलासपुर। नौतपा की भीषण गर्मी और 45 डिग्री तापमान के बीच लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती ने लोगों का सब्र तोड़ दिया है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक घंटों बिजली गुल रहने से आम जनता बेहाल है। इसी मुद्दे को लेकर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तिफरा स्थित बिजली विभाग कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान “बिजली दो—राहत दो” और “जनता को अंधेरे में क्यों?” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार और विद्युत विभाग पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार जनता की मूल समस्याओं को नजरअंदाज कर सिर्फ प्रचार में लगी हुई है।
कांग्रेस का आरोप है कि मेंटेनेंस के नाम पर लगातार बिजली कटौती की जा रही है, लेकिन हालात दिन-ब-दिन बदतर होते जा रहे हैं। तपती गर्मी में छोटे बच्चे, बुजुर्ग और मरीज सबसे ज्यादा परेशान हैं। कई इलाकों में बिजली गुल होने से पानी सप्लाई भी प्रभावित हो रही है, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
“सूर्य घर योजना के सपने, लेकिन घरों में अंधेरा”
प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार की “सूर्य घर योजना” पर निशाना साधते हुए कहा कि करोड़ों रुपये के विज्ञापन देकर जनता को सुनहरे सपने दिखाए जा रहे हैं, जबकि हकीकत में लोग अंधेरे और उमस में रात काटने को मजबूर हैं।
बिजली विभाग में स्टाफ और संसाधनों का संकट
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि बिजली विभाग में कर्मचारियों और जरूरी संसाधनों की भारी कमी है। विभागीय कर्मचारी खुद व्यवस्था की बदहाली से परेशान हैं। पर्याप्त स्टाफ और उपकरण नहीं होने के कारण फाल्ट सुधारने में घंटों लग जाते हैं, जिसका खामियाजा आम जनता भुगत रही है।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की परेशानी को लेकर अब चुप नहीं बैठा जाएगा और सड़क से लेकर प्रशासनिक कार्यालयों तक संघर्ष जारी रहेगा।



