
सक्ती, 11 मार्च 2026। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में खनिज विभाग की उड़नदस्ता टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई करते हुए 11 वाहनों को जब्त किया है।
खनिज अधिकारी श्री के. के. बजारे के मार्गदर्शन में खनि निरीक्षक श्री टुमेश ध्रुव एवं खनिज विभाग की टीम ने जिले के अलग-अलग स्थानों पर जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान अवैध रूप से खनिज परिवहन करते पाए जाने पर कई प्रकरण दर्ज किए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जैजैपुर में ईंट के अवैध परिवहन के 4 मामले, हसौद में रेत के 2 मामले, बिर्रा में ईंट का 1 मामला, रेत का 1 मामला और बोल्डर का 1 मामला, जबकि बाराद्वार में रेत के अवैध परिवहन के 2 मामले सामने आए। इन सभी मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 11 वाहनों को जब्त किया गया।
जब्त किए गए वाहनों को संबंधित थाना जैजैपुर, हसौद, बिर्रा और बाराद्वार में सुरक्षार्थ रखा गया है। इन प्रकरणों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 तथा खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर सख्ती से रोक लगाने के लिए आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा।



