
सक्ती (छत्तीसगढ़)// महिला सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को साबित करते हुए सक्ती पुलिस ने एक बार फिर तेज़ और प्रभावी कार्रवाई का उदाहरण पेश किया है। घर में अकेली महिला के साथ छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
घटना 6 अप्रैल 2026 की है, जब पीड़िता घर पर अकेली थी। इसी दौरान ग्राम जगदल्ला निवासी श्रवण पटेल उर्फ सरवन पटेल पानी मांगने के बहाने उसके घर पहुंचा। पीड़िता द्वारा पानी देने के दौरान आरोपी ने बुरी नियत से उसका हाथ पकड़ लिया और छेड़छाड़ करने लगा। महिला के विरोध और शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
पीड़िता की शिकायत पर थाना सक्ती में अपराध क्रमांक 156/2026 के तहत धारा 74 बीएनएस में मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हुई त्वरित कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के सख्त निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पटेल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस डॉ. भुवनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
दबिश देकर आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के ठिकाने पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक लखन लाल पटेल के नेतृत्व में सउनि नीलमणि कुसुम, प्रधान आरक्षक शब्बीर मेमन, आरक्षक राधेश्याम लहरे, श्याम गबेल, प्रमोद खाखा, बृजमोहन नेताम तथा महिला आरक्षक अनिता कंवर की सराहनीय भूमिका रही।
महिला सुरक्षा पर सख्त संदेश
सक्ती पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि महिला अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों को जल्द से जल्द कानून के दायरे में लाया जाएगा।



