
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो का बड़ा एक्शन — “जनता परेशान हुई तो जिम्मेदार सीधे नपेंगे”
सक्ती | जिले में पेट्रोल-डीजल को लेकर किसी भी तरह की अफरा-तफरी, कालाबाजारी और अवैध भंडारण को रोकने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों की आपात बैठक लेकर सख्त निर्देश जारी किए और साफ शब्दों में चेतावनी दी कि नियमों से खिलवाड़ करने वालों पर “सीधी वैधानिक कार्रवाई” होगी।
⛽ अब डिब्बे या जर्किन में नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल
बैठक में प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर डिब्बे, जर्किन या अन्य खुले कंटेनरों में पेट्रोल-डीजल देने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। केवल विशेष आपात स्थिति में सक्षम अधिकारी की अनुमति मिलने पर ही कंटेनर में ईंधन दिया जा सकेगा।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि आदेश का उल्लंघन करने वाले पेट्रोल पंप संचालकों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
⚠️ कालाबाजारी करने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर
प्रशासन ने खाद्य विभाग और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले में ईंधन के अवैध भंडारण और कालाबाजारी पर लगातार निगरानी रखी जाए। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने कहा कि जनता की जरूरतों के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
“आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है।”
— कलेक्टर अमृत विकास तोपनो
👮 हर पेट्रोल पंप पर रहेगी पुलिस की नजर
ईंधन की कमी को लेकर फैलने वाली अफवाहों और अव्यवस्था से निपटने के लिए जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर पुलिस निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन लगातार हालात की मॉनिटरिंग कर रहा है ताकि कहीं भी भीड़, विवाद या कृत्रिम संकट की स्थिति न बने।
📢 जनता से अपील — “पैनिक न हों, जिले में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध”
कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि पेट्रोल-डीजल को लेकर किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। जिले में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और प्रशासन लगातार आपूर्ति व्यवस्था पर नजर बनाए हुए है।
बैठक में अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा, जिला खाद्य अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा जिले के सभी पेट्रोल-डीजल पंप संचालक उपस्थित रहे।



