
बिलासपुर। संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच बिलासपुर में एसटीएफ और जिला विशेष शाखा की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान अतीक हुसैन के रूप में हुई है, जो पिछले करीब 19 वर्षों से बिलासपुर में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, अतीक सीपत एनटीपीसी में लिफ्ट मेंटेनेंस का काम करता था और सरकंडा क्षेत्र की सूर्या विहार कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था। जांच के दौरान उसके पास कई भारतीय दस्तावेज मिलने की बात सामने आई है। पुलिस ने इन दस्तावेजों के फर्जी तरीके से बनवाए जाने का दावा किया है।
होल्डिंग सेंटर से फरार होने के बाद STF के रडार पर आया
बताया गया है कि करीब 20 दिन पहले सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई थी। इसके बाद कुछ लोगों को जांच के लिए रायपुर स्थित होल्डिंग सेंटर भे
जा गया था। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान अतीक वहां से फरार हो गया था। इसके बाद से एसटीएफ और जिला विशेष शाखा की टीम उसकी तलाश में जुटी हुई थी।


रेकी के बाद किराए के मकान में दबिश
पुलिस टीम ने लगातार निगरानी और रेकी के बाद 24 सितंबर को सरकंडा स्थित उसके ठिकाने की जानकारी जुटाई। इसके बाद संयुक्त टीम ने सूर्या विहार कॉलोनी स्थित किराए के मकान में दबिश देकर अतीक हुसैन को हिरासत में लिया।
फिलहाल पुलिस द्वारा उसके दस्तावेजों, भारत में रहने की अवधि और उसकी नागरिकता से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।



