
जांजगीर-चांपा। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर वेल विशर फाउंडेशन द्वारा महावीर बाल संस्कार केंद्र में हृदय स्वास्थ्य एवं आपातकालीन स्थिति में जीवन बचाने के उपायों को लेकर विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में न्यूवोको सीमेंट प्लांट, आरसमेटा के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को हृदयाघात के लक्षण, प्राथमिक उपचार तथा CPR की उपयोगी जानकारी दी।
कार्यशाला के दौरान डॉ. विवेक राव ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां देते हुए दुर्घटना अथवा किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) के महत्व को समझाया। उन्होंने हृदयाघात के प्रमुख लक्षणों की समय रहते पहचान करने तथा ऐसी स्थिति में बिना समय गंवाए आवश्यक कदम उठाने की जानकारी दी।

डेमो के माध्यम से समझाया CPR का तरीका
कार्यक्रम में नारायण सिंह चरण एवं नारायण दास गुप्ता ने विद्यार्थियों को CPR (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि आपातकालीन स्थिति में सही समय पर CPR देना बेहद महत्वपूर्ण हो सकता है।
विशेषज्ञों ने डेमो के माध्यम से CPR करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी व्यक्ति के अचानक बेहोश होने या सांस लेने में समस्या जैसी आपात स्थिति में किस प्रकार तत्काल सहायता की जा सकती है।
“सही समय पर उठाया गया सही कदम बचा सकता है जीवन”
इस अवसर पर वेल विशर फाउंडेशन के अध्यक्ष अविनाश सिंह ने कहा कि, “सही समय पर उठाया गया सही कदम किसी की जिंदगी बचा सकता है। इसलिए स्वयं जागरूक रहें और दूसरों को भी जागरूक करें।” उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य, सुरक्षा और जनहित से जुड़े विषयों को लेकर लगातार जागरूकता पैदा करना है।
शिक्षक ओपी देवांगन ने की संस्था के कार्यों की सराहना
महावीर स्कूल के शिक्षक ओपी देवांगन ने वेल विशर फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे जनहित के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था द्वारा लगातार क्षेत्र में विभिन्न विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे समाज में सतर्कता और सुरक्षा की भावना को बढ़ावा मिलता है।
10 वर्षों से जनहित के कार्यों में सक्रिय है वेल विशर फाउंडेशन
वेल विशर फाउंडेशन के सचिव चिराग शर्मा ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि संस्था द्वारा पूर्व में भी निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, निःशुल्क आंख एवं दांत जांच शिविर, कोरोना काल में वैक्सीनेशन कैंप, रक्तदान शिविर सहित विभिन्न स्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वेल विशर फाउंडेशन पिछले करीब 10 वर्षों से गांव से लेकर शहर तक अपने सीमित संसाधनों के साथ जनहित के कार्यों में लगातार सक्रिय है। संस्था का प्रयास है कि समाज के अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं जागरूकता से जुड़ी उपयोगी जानकारी पहुंचाई जा सके।
शिक्षकों एवं स्टाफ का मिला सहयोग
कार्यक्रम का संचालन वेल विशर फाउंडेशन के अध्यक्ष अविनाश सिंह एवं सचिव चिराग शर्मा ने किया। वहीं वेल विशर फाउंडेशन के सक्रिय सदस्य सतीश मानिकपुरी एवं महावीर बाल संस्कार केंद्र के शिक्षक अतुल शर्मा ने आभार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में महावीर स्कूल की स्टाफ श्रीमती शकुंतला द्विवेदी, श्रीमती सविता वर्मा, श्रीमती संतोषी यादव एवं समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में हृदय स्वास्थ्य, प्राथमिक उपचार और CPR के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में घबराने के बजाय त्वरित एवं सही कदम उठाने के लिए उन्हें तैयार करना रहा।



