
सक्ती, 09 मार्च 2026। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में जिला पंचायत सक्ती के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री वासु जैन ने जनपद पंचायत जैजैपुर के अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में चल रहे निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीईओ श्री जैन ने ग्राम पंचायत बरेकेलकला में नाली निर्माण तथा मुक्तिधाम निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इसके अलावा दर्राभांटा, गलगलाडीह, तुषार, बोङसरा, परसदा, गुंजियाबोड, पिसौद और ठठारी सहित कई ग्राम पंचायतों में मनरेगा के अंतर्गत चल रहे नाली निर्माण, मुक्तिधाम, पीडीएस गोदाम, आंगनबाड़ी भवन निर्माण तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे आवासों का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत सभी आवासों का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके।
ग्राम पंचायत लालमाटी में नाली निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए। वहीं सीसी रोड निर्माण कार्य गुणवत्ताहीन पाए जाने पर संबंधित उप अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
इस दौरान सीईओ ने महतारी वंदन योजना, पेंशन योजना और राशन कार्डधारी हितग्राहियों से चर्चा कर शासन की विभिन्न योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी भी ली। उन्होंने सभी स्वीकृत निर्माण कार्यों को तय समयावधि में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सहायक परियोजना अधिकारी जिला पंचायत सक्ती श्री बी.पी. साहू, तकनीकी सहायक जैन जाटवर और राकेश चंद्रा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



