छत्तीसगढ़ताजातरीनराज्य

सक्ती- विधुत ठेकेदारों की लापरवाही से कोटेतरा में बिजली संकट गहराया, ग्रामीणों ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

तीन माह से अधूरा पड़ा ट्रांसफार्मर कार्य, भीषण गर्मी में उपभोक्ता बेहाल

सक्ती-//जैजैपुर।
ग्राम पंचायत कोटेतरा में विद्युत विभाग और ठेकेदार की लापरवाही का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। गांव में नया ट्रांसफार्मर और पोल तो लगा दिए गए हैं, लेकिन आवश्यक केबल नहीं लगाए जाने के कारण ट्रांसफार्मर अब तक चालू नहीं हो पाया है। परिणामस्वरूप गांव के कई मोहल्लों में लो-वोल्टेज और बिजली आपूर्ति की गंभीर समस्या बनी हुई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत विभाग के ठेकेदार द्वारा कार्य को बेहद लापरवाही और मनमाने ढंग से किया जा रहा है। करीब तीन महीने पहले नया ट्रांसफार्मर लगाया गया था, लेकिन दो विद्युत पोलों में अब तक केबल नहीं डाले गए हैं, जिससे पूरा सिस्टम अधूरा पड़ा हुआ है। भीषण गर्मी के बीच बिजली की आंख-मिचौली से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। कूलर, पंखे और घरों में लगे बोर पंप तक सही ढंग से नहीं चल पा रहे हैं।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि गांव में लगाए जा रहे विद्युत पोल, तार और अन्य सामग्री भी मानक के अनुरूप नहीं हैं। अधूरे कार्य के बाद ठेकेदार ने काम बंद कर दिया है। वहीं ठेकेदार का मोबाइल फोन अधिकतर बंद रहता है, जिससे ग्रामीणों को संपर्क करने में परेशानी हो रही है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें केबल उपलब्ध नहीं कराया जा रहा, इसी कारण काम अधूरा पड़ा है।

स्थिति को और गंभीर बनाते हुए ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर के समीप लगाए गए एमसीबी बॉक्स की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि घटिया किस्म के एमसीबी सप्लाई आते ही ट्रिप हो सकते हैं, जिससे कभी भी बड़ी परेशानी खड़ी हो सकती है।

उमस भरी गर्मी और मच्छरों के बीच बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है।

ग्राम पंचायत कोटेतरा की सरपंच श्रीमती सुनीता रमेश साहू ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में प्रोजेक्ट मैनेजर सक्ती श्री राठौर से शिकायत की थी। अधिकारियों द्वारा जल्द केबल लगाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन पांच दिन बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।

सरपंच ने दी आंदोलन की चेतावनी

सरपंच श्रीमती सुनीता रमेश साहू ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा—

“मेरे द्वारा लगातार विद्युत विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है, लेकिन अधिकारी और ठेकेदार इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। आज तक दो पोल में केबल नहीं लगाया गया है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। यदि एक सप्ताह के भीतर दोनों पोलों में केबल लगाकर ट्रांसफार्मर चालू नहीं किया गया, तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।”

ग्रामीणों की मांग

ग्रामीणों ने तत्काल केबल लगाकर नया ट्रांसफार्मर चालू करने, गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपयोग करने तथा ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग की है। गांववासियों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और प्रदर्शन किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button