अपराधछत्तीसगढ़ताजातरीनराज्य

जांजगीर-चांपा – शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी: फरार आरोपी पीयूष जायसवाल के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी

गृह मंत्रालय की बड़ी कार्रवाई, देशभर के एयरपोर्ट और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर रहेगी निगरानी

जांजगीर-चांपा। शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले फरार आरोपी पीयूष जायसवाल के खिलाफ भारत सरकार के गृह मंत्रालय (Ministry of Home Affairs) के माध्यम से लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी कर दिया गया है। जांजगीर-चांपा पुलिस आरोपी की लगातार तलाश कर रही है और उसकी गिरफ्तारी के लिए व्यापक स्तर पर कार्रवाई जारी है।

पुलिस के अनुसार, पीयूष जायसवाल (21 वर्ष), पिता पारेश्वर जायसवाल, निवासी ग्राम पोडीशकर, थाना बम्हनीडीह, जिला जांजगीर-चांपा ने बम्हनीडीह, चांपा, कोरबा सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को शेयर ट्रेडिंग में अधिक लाभ का लालच देकर बड़ी मात्रा में धनराशि निवेश कराई। इसके बाद करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी कर वह फरार हो गया।

आरोपी पियूष जायसवाल

आरोपी के विरुद्ध थाना बम्हनीडीह में अपराध क्रमांक 87/2024 के तहत धारा 420, 406, 34 भारतीय दंड संहिता (IPC) तथा थाना चांपा में अपराध क्रमांक 152/2025 के तहत धारा 318(4), 316(2), 111(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस द्वारा उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया गया था, लेकिन इसके बाद से आरोपी लगातार न्यायालय में अनुपस्थित है।

आरोपी के विरुद्ध थाना चांपा प्रकरण में स्थायी गिरफ्तारी वारंट तथा थाना बम्हनीडीह प्रकरण में गिरफ्तारी वारंट जारी है। इसके अलावा बिलासपुर न्यायालय में परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के प्रकरण तथा कोरबा न्यायालय के प्रकरण क्रमांक 5341, 5340, 5339 एवं 5342 में भी उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए जा चुके हैं।

लगातार फरार रहने और न्यायालय में उपस्थित नहीं होने के कारण गृह मंत्रालय द्वारा उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है। अब देश के सभी एयरपोर्ट, बंदरगाह और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर उसके आवागमन पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

पुलिस ने जनता से की अपील

जांजगीर-चांपा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि फरार आरोपी पीयूष जायसवाल के संबंध में कोई भी सूचना मिले तो तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम जांजगीर – 94791-93199 अथवा थाना चांपा प्रभारी – 79874-60292 पर संपर्क करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button