
जांजगीर-चांपा। अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम रसेड़ा में घर का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक CG 04 CS 5816 तथा ताला तोड़ने में इस्तेमाल लोहे की रॉड बरामद की है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
घर लौटे परिवार ने चोरों को अंदर देखा
पुलिस के अनुसार, ग्राम रसेड़ा निवासी संदीप साहू 24 सितंबर 2026 को अपने मेन रोड स्थित घर में ताला लगाकर काम से बाहर गए थे। रात में जब वे वापस लौटे तो घर के अंदर अज्ञात चोर दिखाई दिए। परिवार के सदस्यों को देखकर आरोपी भागने लगे। इसी दौरान परिवार ने एक आरोपी को पकड़ लिया और तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।
पूछताछ में सामने आई चोरी की पूरी कहानी
पुलिस द्वारा हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी की पहचान मानसिंह उर्फ रामू सिंह (22 वर्ष) निवासी ग्राम कोसमनार, थाना कोतरारोड, जिला रायगढ़, हाल मुकाम बंधवा तालाब, तोरवा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ चोरी की नीयत से घर में प्रवेश करने की बात स्वीकार की। दोनों ने कथित तौर पर घर के सामने लगे चैनल गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और इसके बाद अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे ₹3,000 नगद निकाल लिए।
इसी दौरान घर के सदस्यों के पहुंच जाने से एक आरोपी मौके से भागने लगा, जबकि उसे पकड़ लिया गया।
स्कूटी और लोहे की रॉड बरामद
पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी की वारदात में प्रयुक्त स्कूटी CG 04 CS 5816 और ताला तोड़ने के लिए इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड बरामद कर जब्त की है। विवेचना के दौरान आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर धारा 331(4), 305(ए), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अब मामले में फरार बताए जा रहे अन्य आरोपी की भूमिका और तलाश को लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में निरीक्षक जय कुमार साहू, उप निरीक्षक विनोद जाटवर, प्रभारी पुलिस सहायता केन्द्र कोटमी सोनार, प्रधान आरक्षक रेमन सिंह राजपूत, आरक्षक हेमंत साहू एवं धन्नू लहरे का सराहनीय योगदान रहा।



