
सक्ती। थाना सक्ती क्षेत्र में नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और शादी का प्रलोभन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में सक्ती पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नाबालिग को आरोपी के कब्जे से सकुशल दस्तयाब करने के बाद आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त 2026 को प्रार्थी ने थाना सक्ती में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बहन 20 अगस्त को सुबह करीब 9 बजे घर से बिना बताए चली गई थी। शाम और रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों ने आशंका जताई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाया गया है।
रिपोर्ट के आधार पर थाना सक्ती पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की।
पुलिस ने शुरू की लगातार पतासाजी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सक्ती श्री प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (भापुसे) ने नाबालिग की शीघ्र पतासाजी कर आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सक्ती श्री पंकज पटेल (रापुसे) एवं एसडीओपी सक्ती डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में थाना सक्ती पुलिस की टीम लगातार नाबालिग की तलाश में जुटी रही।
इसी दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नाबालिग को आरोपी गुरूदेव दास महंत के कब्जे से सकुशल दस्तयाब कर लिया।
पीड़िता के कथन के आधार पर आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने अपने कथन में बताया कि आरोपी उसे बहला-फुसलाकर शादी का प्रलोभन देकर अपने साथ ले गया तथा उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता के कथन एवं प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी गुरूदेव दास महंत पिता लक्ष्मणदास महंत, उम्र 18 वर्ष 08 माह, निवासी ग्राम सिरली, थाना सक्ती, जिला सक्ती को गिरफ्तार किया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
महिला एवं बाल अपराधों पर सक्ती पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सक्ती पुलिस का कहना है कि महिला एवं बाल अपराधों को गंभीरता से लेते हुए ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा पीड़ितों को न्याय दिलाने तथा आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।



