
सक्ती //नगर पंचायत बाराद्वार के वार्ड क्रमांक 04 में इस बार चुनावी घमासान तेज हो गया है। यहां कांग्रेस, भाजपा और एक मजबूत निर्दलीय प्रत्याशी के बीच दिलचस्प त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। कांग्रेस ने सावित्री देवी यादव को मैदान में उतारा है, वहीं भाजपा ने शंकर दास महंत को अपना प्रत्याशी बनाया है। लेकिन इस मुकाबले को और रोमांचक बना रहे हैं युवा और लोकप्रिय पूर्व पार्षद अभिषेक राय (बबुआ महाराज), जो इस बार कटहल छाप से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनावी रण में उतरे हैं।
अभिषेक राय की बढ़ती लोकप्रियता से बढ़ी दोनों दलों की चिंता
अभिषेक राय पहले कांग्रेस के टिकट पर पार्षद बन चुके हैं, लेकिन पिछले चुनाव में पार्टी से टिकट न मिलने के कारण उन्होंने अपनी मां सुशीला अनिल राय को निर्दलीय प्रत्याशी बनाया था, जो जीत हासिल करने में सफल रहीं। अबकी बार फिर वही कहानी दोहराई जा रही है, लेकिन इस बार अभिषेक राय खुद मैदान में हैं।
पिछले चुनाव के नतीजों पर नजर डालें तो भाजपा इस वार्ड में दूसरे स्थान पर थी, जबकि कांग्रेस तीसरे स्थान पर रही थी। मगर जनता ने किसी राष्ट्रीय दल के बजाय निर्दलीय उम्मीदवार पर भरोसा जताया था। इस बार भी चुनावी समीकरण कुछ वैसे ही नजर आ रहे हैं, जिससे भाजपा और कांग्रेस दोनों की राह कठिन होती दिख रही है।
निर्दलीय उम्मीदवार की टक्कर से दोनों दलों को मशक्कत
चुनावी विश्लेषकों का मानना है कि इस बार मुकाबला बेहद रोचक होगा। अभिषेक राय की पकड़ इलाके में मजबूत मानी जाती है, और उनका जमीनी स्तर पर कार्य करने का अनुभव उन्हें बढ़त दिला सकता है। वहीं कांग्रेस और भाजपा के उम्मीदवार भी अपनी रणनीति में बदलाव कर मैदान में डटे हुए हैं।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या इस बार भी निर्दलीय प्रत्याशी जनता का भरोसा जीतने में सफल होंगे, या फिर कांग्रेस और भाजपा में से कोई बाजी मारेगा? वार्ड क्रमांक 04 का यह चुनावी घमासान हर किसी की नजरों में बना हुआ है।



